Movie prime

रांची में भी गूंजा तिरंगे का जयघोष, हिंद की सुरक्षा के लिये जनता संकल्पबद्ध

पाकिस्तान में घुसकर आतंक के ठिकानों को ध्वस्त करने के बाद भारतीय सेनाओं की प्रतिष्ठा देश-विदेश में और बुलंद हुई है। तीनों सेनाओं की वीरता और साहस को लेकर पूरे भारतवर्ष में गर्व और सम्मान की लहर दौड़ रही है। इसी जज्बे को सलाम करने और जवानों के हौसले को और मज़बूती देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी ने देशभर में भव्य 'तिरंगा यात्रा' का आयोजन किया। यह आयोजन ‘राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक’ अभियान के अंतर्गत किया गया।

झारखंड की राजधानी रांची भी इस जनआंदोलन की साक्षी बनी। यहां तिरंगा यात्रा शहीद चौक से आरंभ होकर कोकर स्थित बिरसा मुंडा समाधि स्थल तक निकाली गई। इस राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत यात्रा में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, प्रदेश प्रभारी बाबूलाल मरांडी, रांची विधायक सीपी सिंह तथा भाजपा नेता रमेश सिंह समेत हजारों कार्यकर्ता और नागरिकों ने भाग लिया।

यात्रा के दौरान राजधानी भारत माता की जय और भारतीय सेना जिंदाबाद जैसे नारों से गूंज उठी। भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह कोई मात्र राजनीतिक प्रदर्शन नहीं, बल्कि देश की रक्षा में जुटे जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की एक राष्ट्रव्यापी चेतना है।