Movie prime

छोटू रंगसाज हत्याकांड : भाई की मौत का बदला लेने के लिए छोटू को मारी गोली, साजिशकर्ता गिरफ्तार

होली के पहले, 23 मार्च को मेन रोड पर दिनदहाड़े गढ़वा व पलामू के कुख्यात अपराधी बाजुद्दीन उर्फ छोटू रंगसाज की गोली मार कर हत्या कर दी गयी। हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता, फिरदौस खान को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताते चलें कि फिरदौस खान गढ़वा का कुख्यात अपराधी है। फिरदौस के खिलाफ अलग-अलग थानों में 14 मामले दर्ज हैं। इस बाबत एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि, गिरफ्तारी के बाद फिरदौस ने पुलिस के सामने यह स्वीकार किया है कि उसने पुरानी दुश्मनी की वजह से छोटू रंगसाज की हत्या की। 

छोटू ने गढ़वा में बस स्टैंड के विवाद में  फिरदौस के तीन भाइयों की हत्या करवा दी थी। इसके बाद छोटू ने फिरदौस पर भी जानलेवा हमला किया था। उसके बाद से ही वह छोटू से बदला लेने की फिराक में था। फिरदौस ने ही छोटू रंगसाज की हत्या की योजना अपने दो साथियों के साथ मिलकर बनाई थी। हत्याकांड की जांच के लिए कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में एक एसआईटी गठित की गई थी। 

छोटू रंगसाज का जब रिम्स में पोस्टमार्टम हुआ तो जानकारी मिली कि उसे तीन गोलियां लगी थीं। एक गोली उसे पीठ में दाई ओर से सटा कर मारी गई थी, जो छाती की बाईं ओर से आर-पार हो गई थी। वहीं एक गोली उसके दाएं पेट की ओर से मारी गई थी जो पीछे पीठ की बाईं ओर आकर अटक गई थी। वहीं एक गोली उसके बाएं हाथ में कलाई के पास से लगते हुए बाहर निकल गई थी।