जन सुनवाई में जुटे मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, आम जनता की समस्याएं सुनीं, त्वरित समाधान का दिलाया भरोसा
Apr 16, 2025, 16:44 IST

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय परिसर में विभिन्न जिलों से आए आम नागरिकों से मुलाकात की। इस दौरान लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और सामूहिक समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक व्यक्ति से सीधे संवाद किया और उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुना।
जनता द्वारा दिए गए सभी आवेदन मुख्यमंत्री ने खुद प्राप्त किए और संबंधित विभागों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि सभी मामलों का त्वरित और समुचित समाधान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेती है और उनके समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनकल्याण के लिए संवाद और समाधान की प्रक्रिया को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
इस अवसर पर कई सामाजिक एवं क्षेत्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी मांगों और सुझावों से उन्हें अवगत कराया।