रांची में कांग्रेस की 'संविधान बचाओ' रैली, अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई दिग्गज नेता मौजूद

झारखंड की राजधानी रांची आज कांग्रेस के एक बड़े राजनीतिक अभियान का साक्षी बनी, जहां 'संविधान बचाओ रैली' का आयोजन किया गया। यह जनसभा रांची के ऐतिहासिक पुराने विधानसभा मैदान में हो रही है। इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे खुद रांची पहुंचे हैं। उनके साथ पार्टी के महासचिव और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद हैं।
रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता अलका लांबा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "आतंकी घटनाओं को लेकर केंद्र सरकार की गंभीरता पर सवाल उठते हैं। जब देश के लोग आतंकी हमलों से आक्रोशित हैं, तब सरकार जातीय जनगणना के मुद्दे में उलझी हुई है। सरकार ने सर्वदलीय बैठक में स्वीकार किया कि पहलगाम हमले में सुरक्षा चूक हुई, लेकिन उसके बाद क्या कार्रवाई की गई, यह स्पष्ट नहीं है।"

"यह सिर्फ रैली नहीं, संविधान की रक्षा का संकल्प है" : के राजू
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू और गुरदीप सिंह भी इस जनसभा में भाग लेने के लिए रांची पहुंच चुके हैं। के राजू ने मीडिया से कहा कि यह आयोजन मात्र एक राजनीतिक रैली नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक देशव्यापी जनआंदोलन की शुरुआत है। उन्होंने विश्वास जताया कि रांची से उठी यह आवाज पूरे देश में गूंजेगी और यह संदेश देगी कि कांग्रेस संविधान के साथ कोई समझौता नहीं होने देगी।
खड़गे की पार्टी नेताओं संग अहम बैठक आज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रैली के समापन के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे झारखंड कांग्रेस के नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। यह बैठक शाम 4 बजे बीएनआर चाणक्य होटल में आयोजित होगी। इसमें जिले के अध्यक्ष और प्रभारी नेता भी भाग लेंगे। इसके पश्चात लगभग 4:30 बजे वे प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक में भी शिरकत करेंगे।