एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यकों के लिए कांग्रेस बनायेगी वर्किंग ग्रुप, झारखंड में संगठन होगा और मजबूत

झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू ने पलामू में घोषणा की है कि पार्टी एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यकों के लिए एक वर्किंग ग्रुप का गठन करेगी। यह ग्रुप प्रोफेशनल तरीके से काम करेगा और इन वर्गों की समस्याओं का अध्ययन कर समाधान के लिए सरकार को सुझाव देगा। के. राजू ने बताया कि झारखंड में अनुसूचित जाति सलाहकार समिति का गठन किया गया है, जो अनुसूचित जनजाति सलाहकार समिति की तरह एक संवैधानिक अंग होगी। उन्होंने कहा कि देशभर में यह पहल सिर्फ झारखंड में हुई है।
वर्किंग ग्रुप करेगा डाटा विश्लेषण
उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यकों के लिए डाटा तैयार कर उसका विश्लेषण करेगी। यह वर्किंग ग्रुप इन समुदायों की समस्याओं पर गहराई से काम करेगा और सरकार को जरूरी बिंदुओं पर जानकारी देगा। रायपुर अधिवेशन के फैसले के तहत कांग्रेस संगठन में इन वर्गों को 50% प्रतिनिधित्व देने का संकल्प झारखंड में पूरी तरह लागू किया जाएगा।

झारखंड में कांग्रेस संगठन को किया जा रहा मजबूत
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि झारखंड में कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला अध्यक्षों को कार्यकर्ताओं की पहचान करने की जिम्मेदारी दी गई है और पूरे राज्य में कांग्रेस की जमीनी पकड़ मजबूत की जा रही है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को कांग्रेस टीम बोकारो में रहेगी और महिला दिवस पर रांची के मांडर में बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।