धनबाद : झारखंड मुक्ति मोर्चा का 53वां स्थापना दिवस, CM समेत कई दिग्गज नेता होंगे शामिल

झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) इस बार अपना 53वां स्थापना दिवस बेहद खास अंदाज में मनाने जा रहा है। सत्ता में मजबूत वापसी के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश देखने को मिल रहा है। चार फरवरी को धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में आयोजित इस समारोह को यादगार बनाने के लिए पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है।
धनबाद में दिखेगा JMM का हरा रंग
शहर से लेकर गांव तक झामुमो के झंडों की बहार है। चौक-चौराहों, प्रखंडों और ग्रामीण इलाकों में पार्टी समर्थक पूरे जोश के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। गोल्फ ग्राउंड में भव्य पंडाल लगभग तैयार हो चुका है, वहीं कई तोरण द्वार बनाए गए हैं। इनमें से एक तोरण द्वार झामुमो के दिवंगत नेता दुर्गा सोरेन की स्मृति में समर्पित है, जबकि दूसरा दिवंगत प्रभु महतो के नाम पर बनाया गया है।

प्रमुख नेताओं की रहेगी मौजूदगी
इस समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य रूप से शिरकत करेंगे। हालांकि, झामुमो के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन की तबीयत ठीक न होने के कारण उनके आने की संभावना कम है। मुख्यमंत्री के अलावा गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, विधायक योगेंद्र महतो, मथुरा महतो सहित कई सांसद और विधायक इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
बताते चलें कि इस बार स्थापना दिवस का समय बदला गया है। झामुमो के सचिव मन्नू आलम ने बताया कि कार्यक्रम दोपहर 1 बजे शुरू होकर शाम से पहले समाप्त हो जाएगा। पहले यह देर रात तक चलता था। इस बार न सिर्फ धनबाद, बल्कि आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है।