बीजीएच के डीएनबी गर्ल्स हॉस्टल में डॉक्टर का शव मिलने से हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) के डीएनबी गर्ल्स हॉस्टल में एक महिला डॉक्टर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 29 वर्षीय आर्या झा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात उनका शव फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर 4 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने मामले की पुष्टि की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आर्या झा ने हाल ही में बीजीएच में डीएनबी फर्स्ट ईयर में दाखिला लिया था और वह गाइनेकोलॉजी की पढ़ाई कर रही थीं।
घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतका की रूम पार्टनर ड्यूटी खत्म कर वापस लौटी। उसने पाया कि दरवाजा अंदर से बंद है और कई बार खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इस पर उसने हॉस्टल के अन्य डॉक्टरों को जानकारी दी। दरवाजा धक्का देकर खोला गया, तो आर्या झा का शव फंदे से लटका मिला।

मौजूद डॉक्टरों ने बताया कि मृतका ने सुबह की कैजुअल्टी ड्यूटी पूरी कर ली थी। फिलहाल, पुलिस मौत के कारणों की गहराई से जांच कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह है।