Movie prime

रांची सहित जनजातीय क्षेत्रों में विकसित भारत यात्रा का विस्तारित कार्यक्रम शुरू

रांची। भारत सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की संतृप्ति प्राप्त करने और आउटरीच गतिविधियों के माध्यम से इन योजनाओं के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गयी विकसित भारत संकल्प यात्रा का विस्तारित कार्यक्रम रांची सहित जनजातीय क्षेत्रों में शुरु हो गया है। 

रांची शहरी क्षेत्र में विस्तारित यात्रा की शुरुआत 7 फरवरी से की गई। विस्तारित यात्रा के तहत कुल 28 शहरी निकायों में विकसित भारत यात्रा के तहत शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं धनबाद शहरी क्षेत्र के लिए पांच फरवरी से यात्रा की शुरुआत हुई है, इसके तहत वहां 42 शहरी निकायों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा। वहीं जनजातीय बहुल इलाकों वाले जिले- दुमका, गोड्डा, गुमला, खूंटी, साहिबगंज, पश्चिमी सिंहभूम, पलामू, पाकुड़ और सिमडेगा  में विकसित भारत यात्रा के विस्तारित कार्यक्रम के तहत चयनित ग्राम पंचायतों में जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाएगा। 

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर, 2023 को झारखंड के खूंटी से कई सूचना, शिक्षा और संचार (आईईसी) वैन देश भर के विभिन्न स्थानों से एक साथ लॉन्च करके इस यात्रा को हरी झंडी दिखाई थी। केंद्र सरकार की यह पहल सुनिश्चित करती है कि  राष्ट्र का प्रत्येक व्यक्ति,  यहां तक कि दूरस्थ इलाकों में सभी लोग, इन सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हो सकें। यात्रा के दौरान जनता को ऑन-स्पॉट पीएम उज्ज्वला योजना नामांकन, एमवाई भारत स्वयंसेवक पंजीकरण, आयुष्मान कार्ड वितरण जैसी विभिन्न सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। बड़ी संख्या में नागरिक भी विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ रहे हैं, जो यात्रा में पर्याप्त जन भागीदारी को दर्शाती है। संकल्प यात्रा के जरिये जनता को  उनके उचित विशेषाधिकारों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।