दिल्ली से रांची साइकिल से आये फैन की नहीं हुई धोनी से मुलाक़ात, सोशल मीडिया पर लोगों ने जताई नाराज़गी

महेंद्र सिंह धोनी के चाहने वाले न केवल भारत में बल्कि दुनियाभर में है। धोनी हमेशा अपने प्रशंसकों का मुस्कुराते हुये हाथ हिलाकर अभिवादन करते हैं। लेकिन धोनी जैसे लोकप्रिय व्यक्ति के लिए हर एक प्रशंसक से मिल पाना हर समय संभव नहीं हो पाता। दरअसल, दिल्ली से साइकिल चलाकर लगभग 1,200 किलोमीटर का सफर तय करके रांची पहुंचे, धोनी के जबरा फैन गौरव कुमार को निराशा हाथ लगी। गौरव धोनी से मिलने के लिए उनके फार्महाउस के बाहर हफ्ते भर तक इंतजार करते रहे, लेकिन पूर्व भारतीय कप्तान ने उनसे मुलाकात नहीं की।
गौरव ने फार्महाउस के गेट के बाहर एक टेंट में रातें बिताईं और कई बार धोनी को अपनी कार में बाहर निकलते हुए देखा। हालांकि, धोनी ने उनसे मुलाकात नहीं की लेकिन कार के अंदर से हाथ हिलाकर अभिवादन जरूर किया। गौरव ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी कहानी साझा की, ताकि यह धोनी तक पहुंचे और वो उनसे मिलने बाहर आएं। लेकिन ऐसा नहीं हो सका, जिससे गौरव को निराशा का सामना करना पड़ा। धोनी के इस व्यवहार पर सोशल मीडिया पर नाराज़गी देखी जा रही है और कई लोग उन्हें "घमंडी" कहने लगे हैं।

ऐसे में गौरव से बात करने न्यूज़ हाट की टीम धोनी के फार्महाउस के बाहर पहुंची, लेकिन गौरव वहां मौजूद नहीं था। प्राप्त जानकारी के अनुसार गौरव को JSCA स्टेडियम में रखा गया था। जिसके बाद न्यूज़ हाट की टीम JSCA स्टेडियम भी गयी, लेकिन वहां के कर्मचारियों और अधिकारियों ने बताया कि उन्हें इस विषय में कोई जानकारी नहीं है।
गौरतलब है कि धोनी की छवि अक्सर अपने प्रशंसकों के साथ सेल्फी लेने और हाथ मिलाने की रही है, खासकर जब वह अपने फार्महाउस के बाहर मौजूद होते हैं। संभवतः इस बार धोनी किसी जल्दी में थे या उन्हें गौरव के समर्पण की जानकारी नहीं थी, इसीलिए उन्होंने गाड़ी नहीं रोकी। हालांकि यह पहली बार नहीं है जब गौरव धोनी से मिलने की कोशिश कर रहे थे। आईपीएल के दौरान भी उन्होंने दिल्ली से चेन्नई तक साइकिल से सफर किया था, लेकिन उस समय भी उनकी मुलाकात धोनी से नहीं हो सकी।