पूर्व भाजपा सांसद कड़िया मुंडा की तबीयत अचानक बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पद्म विभूषण से सम्मानित पूर्व सांसद कड़िया मुंडा की तबीयत मंगलवार को अचानक खराब हो गई। सांस लेने में तकलीफ होने के चलते उन्हें झारखंड की राजधानी रांची स्थित मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वे फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उपचाररत हैं। डॉक्टरों ने उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा है।
सूत्रों के अनुसार, उनकी देखरेख मेडिका के वरिष्ठ डॉक्टर विजय मिश्रा द्वारा की जा रही है। प्रारंभिक जांच के बाद उन्हें जरूरी इलाज दिया गया और फिर अस्पताल के सामान्य कक्ष में स्थानांतरित किया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
खूंटी से रांची लाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था
बताया जा रहा है कि जब उनकी तबीयत बिगड़ी, तब वे खूंटी में थे। तत्काल स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खूंटी से रांची लाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया गया। दोनों जिलों की पुलिस ने इस प्रक्रिया को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। ट्रैफिक पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए थे ताकि बिना किसी रुकावट के लगभग 35 से 40 मिनट में उन्हें मेडिका अस्पताल पहुंचाया जा सके।
पूर्व में भी रही है स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं
88 वर्षीय कड़िया मुंडा पिछले कुछ वर्षों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझते आ रहे हैं। दो वर्ष पूर्व उन्हें न्यूमोनिया की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। वहीं जनवरी 2025 में ब्लड शुगर लेवल गिरने और बेचैनी महसूस होने पर भी उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। दोनों ही बार उनका इलाज मेडिका अस्पताल में हुआ था और तबीयत में सुधार देखा गया था।







