दिवंगत नेता अनिल टाइगर को पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास ने दी श्रद्धांजलि, अंत्येष्टि में हुए शामिल

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास ने आज दिवंगत अनिल टाइगर को श्रद्धांजलि अर्पित की। वे श्मशान घाट पहुंचे और वहां श्रद्धा सुमन अर्पित किए। गौरतलब है कि बुधवार को रांची के कांके चौक पर पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल महतो की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिससे इलाके में तनाव व्याप्त हो गया।
इस घटना के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने रांची बंद का आह्वान किया है। पार्टी ने आम जनता और व्यापारियों से इस बंद में सहयोग करने की अपील की है। इसके अलावा, आजसू, जदयू और जेएलएकेम सहित कई अन्य संगठनों ने भी इस बंद का समर्थन किया है।
कुड़मी/कुर्मी समाज ने भी बुलाया झारखंड बंद
इस घटना से आक्रोशित कुड़मी/कुर्मी समाज ने भी 24 घंटे के झारखंड बंद की घोषणा की है। समाज के केंद्रीय अध्यक्ष शीतल ओहदार ने कहा कि यह बंद सुबह 6 बजे से लागू होगा, हालांकि आवश्यक सेवाओं को इससे छूट दी गई है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए।
