Movie prime

हजारीबाग लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी जेपी पटेल के समर्थन में उतरे पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वर्तमान भाजपा सांसद जयंत सिन्हा के पिता यशवंत सिन्हा, कांग्रेस प्रत्याशी जेपी पटेल के समर्थन में अब खुलकर आगे आ गए हैं। यशवंत सिन्हा ने आज प्रेस वार्ता आयोजित कर जेपी पटेल को समर्थन देने की घोषणा की है। गौरतलब है कि हजारीबाग लोकसभा सीट पर हमेशा से सिन्हा परिवार का वर्चस्व रहा है। यशवंत सिन्हा के बाद जयंत सिन्हा, पिछले दो बार से हजारीबाग लोकसभा सीट से सांसद चुने जा रहे थे। हालांकि आगामी लोकसभा चुनाव ने भाजपा सांसद जयंत सिन्हा का टिकट काटकर हजारीबाग सदर मनीष जायसवाल को अपना उम्मीदवार बनाया। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने पूर्व भाजपा विधायक जेपी पटेल को इस सीट से टिकट दिया है। 

हजारीबाग लोकसभा सीट अपने परिवार से छीने जाने का दर्द अबतक यशवंत सिन्हा ने छुपाकर रखा था, बेटे को बेटिकट किये जाने से नाराज यशवंत सिन्हा ने बुधवार को खुले मंच से कांग्रेस को अपना समर्थन देने की घोषणा कर दी। हालांकि उनके बेटे और सांसद जयंत सिन्हा ने अबतक पूरे मामले पर चुप्पी साधी हुई है, टिकट काटे जाने के कुछ दिनों बात उन्होने एक ट्वीट कर मनीष जायसवाल को अपनी शुभकामनाएं जरूर दी लेकिन उसके बाद से वो राजनीतिक परिदृश्य से गायब हो गए है। वो अंदर पर्दे के पीछे रहकर पूरा खेल खेलना चाह रहे है तो उनके पिता इसबार किंग की जगह किंगमेकर बनने का रास्ता चुन चुके है। यशवंत सिन्हा के खुल्ला समर्थन के बाद अब हजारीबाग का चुनाव दिलचस्प हो गया है। इस लोकसभा सीट का परिणाम न केवल मनीष जायसवाल और जेपी पटेल बल्कि यशवंत सिन्हा के परिवार के लिए भी प्रतिष्ठा का सवाल बन चुका है और इन सभी की अगली राजनीतिक दशा और दिशा तय करेगी।