Movie prime

चाईबासा के जंगलों से चार IED बरामद, 16 नक्सली बंकर ध्वस्त

चाईबासा के जराईकेला थाना क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे व्यापक सर्च ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। वनग्राम बाबूडेरा के जंगली और पहाड़ी इलाकों से पुलिस ने चार शक्तिशाली IED विस्फोटक बरामद किए हैं, जिनका वजन पांच-पांच किलो था। ये बम नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से बिछा रखे थे।

बम निरोधक दस्ते ने सतर्कता बरतते हुए इन सभी बमों को जंगल में ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। इसके साथ ही जंगल के भीतर बनाए गए 16 भूमिगत बंकरों को भी ध्वस्त कर दिया गया है। ये बंकर इतने बड़े थे कि इनमें 40 से 50 नक्सलियों के रुकने की व्यवस्था थी।

चाईबासा के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) के बड़े नेता जैसे मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटू लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत और रापा मुंडा अपने दस्ता के साथ कोल्हान-सारंडा क्षेत्र में लगातार विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में हैं।

इन्हीं इनपुट्स के आधार पर पुलिस ने कोबरा 203 व 209 बटालियन, झारखंड जगुआर, और सीआरपीएफ की 26, 60, 134, 174, 193 व 197 बटालियन के साथ एक संयुक्त अभियान शुरू किया है, जो लगातार जारी है। सुरक्षा बलों की यह कार्रवाई नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।