गढ़वा : शादी के 36 दिन बाद ही नवविवाहिता ने ली पति की जान

शादी के बंधन को सात जन्मों का वादा माना जाता है, लेकिन झारखंड के गढ़वा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने इस रिश्ते की पवित्रता को शर्मसार कर दिया। यहां एक नवविवाहित महिला ने शादी के महज 36 दिन बाद अपने ही पति को ज़हर खिलाकर मार डाला।
पुलिस के अनुसार, मृतक की मां राजमती देवी के बयान के आधार पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी पत्नी सुनीता को सोमवार की शाम हिरासत में लिया गया और मंगलवार को उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
घटना रंका थाना क्षेत्र के बाहोकुंदर गांव की है, जहां 22 वर्षीय बुद्धनाथ सिंह की शादी 11 मई 2025 को छत्तीसगढ़ के विशुनपुर गांव निवासी रघुनाथ सिंह की बेटी सुनीता से हुई थी। विवाह के अगले ही दिन सुनीता अपने मायके लौट गई और परिजनों को स्पष्ट कर दिया कि वह अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती।

हालांकि, दोनों परिवारों ने इस रिश्ते को बचाने की कोशिश की। 5 जून को आपसी समझौते के बाद पंचायत हुई, जिसके बाद सुनीता अपने पति के साथ वापस ससुराल चली गई।
14 जून को दंपती घूमने के लिए छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज बाजार गए। वहां सुनीता ने खेतों में कीड़े मारने का हवाला देकर पति से कीटनाशक दवा खरीदवाई।
आरोप है कि अगले ही दिन, यानी 15 जून की रात को, सुनीता ने उसी ज़हर को खाने में मिला दिया। सुबह जब बुद्धनाथ देर तक नहीं जागा, तो परिजन उसे देखने पहुंचे, जहां वह मृत पाया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारण की पुष्टि हो सके। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है, और मृतक की मां द्वारा दी गई तहरीर पर सुनीता को गिरफ्तार कर लिया गया है।