गिरिडीह : पुलिस के हत्थे चढ़े चार साइबर अपराधी, दर्जनों मामले पहले से दर्ज

गिरिडीह जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों की पहचान दीपू कुमार मंडल उर्फ दीपक कुमार मंडल, छोटी मंडल उर्फ छोटे लाल मंडल, श्रवण राय और मोहित कुमार मंडल के रूप में की गई है। इस कार्रवाई की जानकारी साइबर डीएसपी आबिद खान ने बरवाडीह स्थित साइबर थाना में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।
पुराने मामलों में भी संलिप्तता
डीएसपी आबिद खान के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी दो अलग-अलग स्थानों से पकड़े गए हैं। इनमें से दो को अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के बुधुडीह से और दो को गिरिडीह बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया। इन सभी पर पूर्व में कई आपराधिक केस दर्ज हैं। छोटे लाल मंडल पर अकेले तेलंगाना के हैदराबाद में 65 केस दर्ज हैं। वहीं, दीपक मंडल के खिलाफ अहिल्यापुर थाना में कांड संख्या 81/1017 और एनसीसीआरपी में शिकायतें दर्ज हैं। श्रवण राय पर साइबर थाना में कांड संख्या 19/2023 दर्ज पाया गया है।

छापेमारी दल की भूमिका अहम
इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम बनाई गई थी, जिसका नेतृत्व साइबर डीएसपी आबिद खान और साइबर थाना प्रभारी अजय कुमार ने किया। टीम में पुनीत कुमार गौतम समेत कई अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। छापेमारी के दौरान अपराधियों के पास से पांच मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।