Movie prime

गोड्डा : बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा अनावरण पर प्रशासन की रोक, भीम आर्मी ने जताई नाराजगी

देशभर में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जा रही है, लेकिन झारखंड के गोड्डा जिले में अंबेडकर प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। जयंती के मौके पर प्रतिमा का अनावरण होना था, लेकिन जिला प्रशासन ने इस पर रोक लगा दी है। प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश का हवाला देते हुए यह कदम उठाया है, जिसके बाद अनावरण स्थल को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

दरअसल, गोड्डा के पुराने समाहरणालय के सामने नगर पंचायत क्षेत्र में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पिछले एक महीने से स्थापित की जा रही थी। आधार संरचना, रंगाई-पुताई, टाइल्स, मार्बल और रेलिंग का काम पूरा हो चुका है और प्रतिमा तैयार भी हो गई थी। भीम आर्मी की जिला इकाई के प्रमुख रंजीत कुमार रावण इस प्रतिमा का अनावरण करने वाले थे। लेकिन अब नगर प्रशासन और जिला प्रशासन दोनों ने प्रतिमा के अनावरण की अनुमति देने से इंकार कर दिया है। नतीजतन, अनावरण कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा है।

भीम आर्मी ने जताई नाराजगी, कहा- अंतिम समय में लगाया गया ब्रेक
रंजीत कुमार रावण का कहना है कि जब निर्माण कार्य पिछले एक महीने से चल रहा था, तब किसी ने कोई आपत्ति नहीं जताई। उन्होंने यह भी बताया कि प्रतिमा लगाने की अनुमति अंचलाधिकारी स्तर से मिली थी, लेकिन जिला प्रशासन ने फाइनल अनुमति अब तक नहीं दी। उनका कहना है कि अब अंबेडकर जयंती पर शोभा यात्रा निकाली जाएगी।

प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का दिया हवाला
वहीं, इस मामले पर गोड्डा अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) ने साफ कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार सरकारी भूमि पर बिना अनुमति कोई भी प्रतिमा स्थापित नहीं की जा सकती। ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई तय है।