गोड्डा: पोड़ैयाहाट में पूर्व मुखिया महेंद्र टुडू की गोली मारकर ह*त्या, जांच में जुटी पुलिस

गोड्डा जिला के पोड़ैयाहाट प्रखंड से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां कांग्रेस के पंचायत अध्यक्ष और पूर्व मुखिया महेंद्र टुडू की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सोमवार की बताई जा रही है जब महेंद्र टुडू अपने घर के पास मौजूद थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार हमलावरों ने महेंद्र टुडू पर अचानक गोलीबारी कर दी। घायल अवस्था में उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, फिर हालत गंभीर होने पर देवघर और उसके बाद दुर्गापुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
बताया जा रहा है कि हमलावर संभवतः लूट की नीयत से आए थे। खुद महेंद्र टुडू ने मरने से पहले दिए बयान में बताया था कि चार की संख्या में आए अपराधियों ने हमला किया। यह घटना उस समय हुई जब वह तिलाटाड़ इलाके में किसी कार्य से गए हुए थे। हमले के बाद अपराधी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही गोड्डा के एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी व पोड़ैयाहाट थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की।

एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी ने मामले की पुष्टि की है और कहा कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे लूट की वारदात माना जा रहा है, लेकिन चूंकि मृतक और उनकी पत्नी दोनों पहले मुखिया रह चुके हैं, इसलिए राजनीतिक दुश्मनी की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। घटना पर स्थानीय विधायक प्रदीप यादव ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और प्रशासन को शीघ्र अपराधियों को पकड़कर सख्त सजा दिलानी चाहिए।