Movie prime

राज्यपाल ने ICAI राँची शाखा द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को बताया देश की आर्थिक रीढ़

राँची, करमटोली स्थित सेलिब्रेशन बैंक्वेट हॉल में आज 'द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया' (ICAI), राँची शाखा द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ICAI भारत की एक अत्यंत सम्मानित संस्था है, जो देश की अर्थव्यवस्था को पारदर्शी, अनुशासित और उत्तरदायी बनाने में अहम भूमिका निभा रही है।

राज्यपाल ने अपने वक्तव्य में कहा कि यह संस्था न केवल कर सलाह प्रदान करती है, बल्कि ऐसे वित्तीय विशेषज्ञों का निर्माण करती है जो देश की आर्थिक नींव को मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को आर्थिक अनुशासन, वित्तीय पारदर्शिता और सुशासन के तीन प्रमुख स्तंभों के रूप में परिभाषित किया।

उन्होंने राँची शाखा की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था झारखंड में कर के प्रति जागरूकता, वित्तीय समझदारी और नैतिक व्यापारिक व्यवहार को बढ़ावा देने में लगातार प्रयासरत है। उन्होंने भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के राष्ट्रीय लक्ष्य की चर्चा करते हुए कहा कि इसमें ICAI और इससे जुड़े पेशेवरों की भागीदारी निर्णायक साबित होगी।

राज्यपाल गंगवार ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों और जनशक्ति से समृद्ध है, परंतु राज्य के विकास के लिए संसाधनों का कुशल और पारदर्शी उपयोग आवश्यक है। उन्होंने ICAI जैसी संस्थाओं से आग्रह किया कि वे राज्य सरकार और उद्योग जगत के साथ मिलकर नए सहयोग के अवसर तलाशें।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मेलन शासन और व्यवसाय जगत के बीच एक संवाद का सेतु बनाते हैं, जिससे नीतियों का लाभ आमजन तक पहुँचता है। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स सिर्फ सलाहकार नहीं, बल्कि राष्ट्र की आर्थिक रीढ़ हैं। उनके व्यवहार में ईमानदारी, समय की पाबंदी और सामाजिक उत्तरदायित्व की झलक होनी चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने आयोजन की सफलता के लिए आयोजकों को बधाई दी और सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।