राज्यपाल संतोष गंगवार ने नेतरहाट विद्यालय और स्थानीय संसाधनों का किया निरीक्षण, शैक्षणिक परंपरा की सराहना

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अपने नेतरहाट दौरे के दौरान नेतरहाट आवासीय विद्यालय का दौरा किया और वहां की शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने स्कूल के पुस्तकालय, विभिन्न प्रयोगशालाएं और अन्य शैक्षणिक विभागों का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध संसाधनों की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। विद्यालय प्राचार्य ने राज्यपाल को संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुशासन व्यवस्था, शिक्षण के अनूठे तरीकों और विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए किए जा रहे नवाचारों से अवगत कराया।
राज्यपाल ने विद्यालय के अनुशासित माहौल, शैक्षणिक मजबूती और प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध परिसर की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि नेतरहाट विद्यालय न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश में शिक्षा के क्षेत्र में एक मिसाल है। इस प्रतिष्ठित संस्था से निकले छात्र-छात्राओं ने देश और विदेशों में राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह विद्यालय भविष्य में भी उत्कृष्ट शिक्षा की अपनी गौरवशाली परंपरा को बनाए रखेगा।

इसके अतिरिक्त, राज्यपाल ने नेतरहाट के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी भ्रमण किया। उन्होंने वहां की स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध दवाओं और स्थानीय लोगों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। दौरे के दौरान राज्यपाल ने लगभग 100 एकड़ में फैले प्रसिद्ध नाशपाती बागान का भी निरीक्षण किया। उन्हें बताया गया कि इस क्षेत्र में 'नट' प्रजाति की नाशपाती उगाई जाती है, जो अपने बेहतरीन स्वाद और गुणवत्ता के लिए मशहूर है।