Movie prime

हजारीबाग : अवैध बालू से लदे ट्रैक्टर ने पांच लड़कियों को कुचला, दो की हालत गंभीर

झारखंड के हजारीबाग जिले के टाटीझरिया थाना क्षेत्र के खैरा गांव में अवैध रूप से बालू ले जा रहे एक ट्रैक्टर ने पांच लड़कियों को रौंद दिया। इनमें से दो लड़कियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांचों लड़कियां खैरा गांव की रहने वाली हैं और घटना के वक़्त पांचों मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। बताते चलें कि, हादसे में  रिया कुमारी (10 वर्ष), मानसी कुमारी(16वर्ष) नंदिनी कुमारी (13वर्ष), लक्ष्मी कुमारी (23 वर्ष) और पूजा कुमारी (29 वर्ष) घायल हुई हैं। 

खाली सड़क में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक खैरा नदी की ओर से अवैध बालू लाद कर तेज गति से ट्रैक्टर जा रहा था। इसी बीच ट्रैक्टर ने सभी को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना के बाद वाहन चालक ट्रैक्टर छोड़ कर फरार हो गया। घटना के बाद घटना स्थल पर चीख पुकार मच गया। आस पास के लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दिया। बताया जा रहा है कि हादसा जब हुआ तब सड़क पूरी तरह से खाली था। वाहनों का आना-जाना नहीं के बराबर था।

जानकारी मिलते ही सभी के परिजन घटना स्थल पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए एम्बुलेंस से टाटीझरिया पीएचसी लाया। प्राथमिक इलाज के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हज़ारीबाग भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि सभी लोग पिच सड़क छोड़कर कच्ची सड़क पर चल चल रहे थे।

सूचना के बाद भी दो घंटे देर से पहुंची पुलिस
परिजनों का आरोप है कि टाटीझरिया थाने को घटना की सूचना सुबह 6 बजे दी गई पर पुलिस लगभग दो घंटे से अधिक बीत जाने के बाद 08:42 बजे पहुंची। इधर हजारीबाग मेडिकल कॉलेज से दो लोगों की स्थिति गंभीर होने की स्थिति में बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया। तीन लोगों का इलाज हज़ारीबाग में ही चल रहा है।