Movie prime

हजारीबाग : अंतर्राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी की हत्या, प्रेमिका ने नए प्रेमी के साथ मिलकर दिया घटना को अंजाम

अंतर्राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी प्रशांत कुमार सिन्हा की हजारीबाग में गला दबाकर हत्या कर दी गयी है। हत्यारों ने प्रशांत को मौत के घाट उतारकर शव को प्लास्टिक की बोरी में बांधकर छड़वा डैम स्थित पुल के नीचे फेंक दिया। पुलिस के अनुसार प्रशांत की पूर्व प्रेमिका काजल ने अपने नए आशिक रौनक कुमार की मदद से प्रशांत की हत्या कर दी थी। आरोपी काजल हजारीबाग के न्यू एरिया निवासी है। पुलिस ने दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में काजल ने अपना जुर्म कबूल किया है। काजल ने बताया कि उसने पैसे के लिए प्रशांत से दोस्ती की थी, लेकिन प्रशांत को उससे प्यार हो गया था। काजल उससे पीछा छुड़ाना चाहती थी, लेकिन वह उसे छोड़ नहीं रहा था। साथ ही फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था। इसी वजह से उसने प्रशांत की हत्या करने की प्लानिंग की और उसे 11 मार्च को जमशेदपुर से हजारीबाग बुलाया। फिर 12 मार्च को उसकी हत्या कर शव को बोरी में पैक कर फेंक दिया। पुलिस ने युवती की निशानदेही पर कटकमसांडी थाना क्षेत्र के छड़वा डैम स्थित पुल से सड़ी-गली अवस्था में उसकी लाश बारामद की।

11 मार्च से जमशेदपुर से थे लापता
प्रशांत सिन्हा मूल रूप से जमशेदपुर के रहने वाले थे। वे 11 मार्च से लापता थे। परिजनों ने बिरसा नगर, जमशेदपुर थाना में 13 मार्च को गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था। बाद में फिर 22 मार्च को आवेदन देकर अपहरण का मामला दर्ज कराया गया। जिसमें हजारीबाग जिले के लोहसिंगना थाना क्षेत्र के न्यू एरिया निवासी काजल सिन्हा को आरोपी बनाया गया। जिसके बाद बिरसा नगर जमशेदपुर थाना में पुलिस ने कई धाराओं में केस दर्ज किया और मामले की पड़ताल में जुट गई। जांच के दौरान 8 दिन बाद प्रशांत की हत्या का खुलासा हुआ।

लव ट्राइंगल में गई जान
आरोपी काजल सिन्हा ने पुलिस को बताया कि प्रशांत से उसकी दोस्ती 2019 से थी। प्रशांत दिव्यांग था। उसकी सिर्फ पैसों के कारण दोस्ती थी, लेकिन प्रशांत उससे सच्चा प्यार करने लगा था। वह अलग होना चाहती थी, लेकिन प्रशांत को यह मंजूरी नहीं था। दोस्ती तोड़ने पर वह फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था। इससे तंग आकर उसने प्रशांत को शहर के शहीद निर्मल महतो पार्क बुलाया। दूसरे दिन देवघर जाने का प्लान बनाते हुए रात में अपने नए प्रेमी हजारीबाग के ही रहने वाले रौनक के खटाल में रुक गया। वहां उसने रौनक के साथ मिलकर उसकी गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। फिर रात में प्लास्टिक की बोरी में शव भरकर स्कूटी से छड़वा डैम गए और पुल से ​नीचे फेंक दिया।

बताते चलें कि, अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी प्रशांत भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वह वर्ष 2023 थाईलैंड में हुई प्रतियोगिता में हिस्सा लिए थे। ये प्रतियोगिता 9 से 14 मई तक चली थी। अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन की इस प्रतियोगिता में उसने भारत का प्रतिनिधित्व किया था।