हजारीबाग पुलिस ने तोड़ी नक्सलियों की कमर, दो उग्रवादी गिरफ्तार

हजारीबाग पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता मिली है। चरही थाना क्षेत्र में छिपे हुए दो नक्सलियों को पुलिस ने धर दबोचा है। गिरफ्तार किए गए उग्रवादियों की पहचान नूतन गंझू और प्रेम गंझू के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि दोनों की मौजूदगी की गुप्त जानकारी पुलिस को पहले से मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और दोनों को हिरासत में ले लिया।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने देशभर में नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई छेड़ दी है। विभिन्न राज्यों में लगातार एनकाउंटर की घटनाएं सामने आ रही हैं। हाल के महीनों में छत्तीसगढ़, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में सैकड़ों नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया गया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ऐलान किया है कि 2026 तक देश को पूरी तरह नक्सलवाद से मुक्त कर दिया जाएगा।
