Movie prime

झारखंड में हीट वेव का कहर जारी, 12 जिलों में येलो अलर्ट, इस दिन से बदलेगा मौसम का मिजाज

झारखंड के 12 जिलों में लू का प्रकोप तेज हो गया है। मौसम विभाग ने गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 15 मई से पूर्वी और मध्य झारखंड में कहीं-कहीं बादलों की गड़गड़ाहट के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 16 मई को पश्चिमी झारखंड को छोड़ बाकी हिस्सों में भी इसी तरह की बारिश की संभावना है। 17 मई को भी पश्चिमी जिलों को छोड़कर बाकी इलाकों में गरज-चमक और बारिश की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा 18 और 19 मई को भी राज्य के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।

सबसे तपता पलामू, पारा 42.4 डिग्री तक पहुंचा
पिछले 24 घंटों में पलामू राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है। वहीं राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री रहा। इस बीच मंगलवार को जमशेदपुर में सर्वाधिक 25 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 15 मई की दोपहर से मौसम में बदलाव की शुरुआत होगी, जो 18 मई तक असर दिखाएगा।

बोकारो और रामगढ़ में उमस भरी गर्मी का असर
बोकारो और रामगढ़ जिलों में आज दिनभर उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। 15 मई को पूर्वी झारखंड में दोबारा लू चलने के आसार हैं। इसके साथ-साथ गरजने वाले बादल, तेज हवा और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। इस दौरान हवाएं 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। 16 और 17 मई को उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर बाकी हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात की आशंका बनी रहेगी।

रांची में 16 और 17 मई को बारिश के आसार
राजधानी रांची में आज आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहेगा।

15 मई को आंशिक बादल और गरजने वाले बादलों की संभावना है। 16 और 17 मई को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे और बारिश की उम्मीद है। इन दिनों में अधिकतम तापमान क्रमशः 39 और 38 डिग्री रह सकता है जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रहेगा। 18 और 19 मई को भी मौसम में यही रुख रहने की संभावना है, कुछ जगहों पर बादल गरजेंगे और बारिश होगी।