झारखंड में आज और कल चलेगी 'लू', 15 मई से फिर करवट लेगा मौसम, 17 मई से तापमान में बढ़ोत्तरी के आसार

झारखंड में मौसम की चाल लगातार बदल रही है। कहीं गर्म हवाएं लोगों का जीना मुहाल कर रही हैं, तो कहीं दोपहर बाद हुई बारिश थोड़ी राहत पहुंचा रही है। इसी उतार-चढ़ाव के बीच रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने चेताया है कि 13 और 14 मई को राज्य के कई हिस्सों, खासकर पूर्वी भागों में लू का असर तेज़ रहेगा।
15 मई से फिर बदलेगा मौसम का रुख
मौसम विभाग के अनुसार, 15 मई से मौसम में एक बार फिर बदलाव की संभावना है। उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में लू जारी रह सकती है, लेकिन राज्य के अन्य हिस्सों में बादल छा सकते हैं, साथ ही गर्जन, बिजली गिरने और बारिश के आसार बन रहे हैं। यह स्थिति 16 मई तक बनी रह सकती है। वहीं 17 मई से तापमान में फिर से बढ़ोतरी देखी जा सकती है।

कहीं झुलसाने वाली गर्मी, तो कहीं राहत की बारिश
सोमवार को संथाल परगना क्षेत्र में लू का असर ज्यादा देखा गया। वहीं, पाकुड़, दुमका, रामगढ़, गिरिडीह, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, साहिबगंज और देवघर जैसे कई जिलों में दोपहर बाद गरज के साथ बारिश हुई। पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक बारिश बहरागोड़ा में दर्ज की गई, जहां 16 मिमी से ज्यादा बारिश हुई। इस दौरान राज्य का सबसे गर्म जिला पलामू रहा, जहां पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह सामान्य से 0.3% अधिक था। वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक था लेकिन बीते दिन के मुकाबले 0.7 डिग्री कम था।
मौसम पूर्वानुमान: कब क्या रहेगा हाल
13 और 14 मई: पूर्वी झारखंड में लू चलने की प्रबल संभावना।
15 मई: उत्तर-पूर्वी जिलों में लू जबकि मध्य व पूर्वी हिस्सों में तेज हवाओं के साथ मेघ गर्जन और बिजली गिरने के आसार। हवा की गति 40 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है।
16 मई: उत्तर-पश्चिम के छह जिलों को छोड़कर बाकी राज्य में तेज हवाओं (50 किमी प्रति घंटा) के साथ बारिश, गर्जन और वज्रपात हो सकते हैं।
राजधानी रांची का मौसम कैसा रहेगा?
रांची में मंगलवार को दोपहर या शाम तक हल्के बादल रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
14 मई: मौसम साफ रहेगा और वातावरण शुष्क बने रहने की उम्मीद। अधिकतम तापमान 39 डिग्री, न्यूनतम 26 डिग्री।
15 मई: आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, गर्जन वाले बादल बन सकते हैं। तापमान 39/26 डिग्री तक रह सकता है।
16 मई: बादल और बारिश के साथ गर्जन की संभावना।
17-18 मई: आंशिक रूप से बादल रहेंगे, साथ में बारिश और गरज के आसार।