Movie prime

अभी और सताएगी गर्मी, 30 मार्च के बाद बारिश के आसार

झारखंड में गर्मी ने दस्तक दे दी है। ऐसे में कड़ी धूप की वजह से राज्य के कई जिलों का तापमान 30 डिग्री से भी ऊपर चला गया है। वहीं दूसरी तरफ आने वाले पांच दिनों में राज्य के तापमान में 3 से 5 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। इस दौरान कई जिलों का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार हैं। हालांकि, 30 और 31 मार्च को एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल सकता है और राज्य के दक्षिण और मध्य भाग में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 30 मार्च को हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जाहिर की है। 31 मार्च को भी राज्य के दक्षिण और मध्य भाग में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।

कैसा रहा मौसम का मिजाज
राज्य में पिछले 24 घंटे में मौसम के मिजाज पर नजर डालें तो राज्य में कुछ जगहों पर हल्के गर्जन के साथ बारिश दर्ज की गई है। राज्य में सबसे अधिक बारिश पश्चिम सिंहभूम के बंदगाव में दर्ज की गई। यहां 36.6 एमएम बारिश हुई। राज्य में सबसे अधिक तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज में दर्ज किया गया। राज्य में सबसे कम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस लोहरदगा में दर्ज किया गया गया।

बढ़ने लगा है राज्य में पारा
राज्य में रांची, जमशेदपुर, डाल्टेनगंज और चाईबासा में तापमान में बढ़त दर्ज की गई है। सबसे अधिक 1.5 फीसद डाल्टेनगंज में बढ़त दर्ज की गई है जबकि बोकारो थर्मल के तापमान में 1.7 डिग्री की कमी दर्ज की गई। राज्य में कोई ऐसा जिला नहीं जहां तापमान 30 के आंकड़े को पार नहीं कर रहा है। पाकुड़ में 3 डिग्री की बढ़त आई है। गढ़वा का तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्वी सिंहभूम का तापमान 34.7 डिग्री है।

रामगढ़ में भी 34.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। गिरिडीह 34.5, देवघर - 35.1, बोकारो 34.3 इन आंकड़ों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि राज्य में धीरे- धीरे तापमान बढ़ रहा है और अब गर्मी दस्तक देने लगी है।