Movie prime

अभी और सताएगी गर्मी, तापमान में होगी वृद्धि, 6-7 अप्रैल को बारिश के आसार

झारखंड में गर्मी कहर बढ़ता ही जा रहा है। राज्य के कई जिलों में तापमान 35 डिग्री के ऊपर चला गया है। वहीं गोड्डा में तापमान 40 डिग्री के आंकड़े को पार कर चुका है। मौसम विभाग ने अब तक बढ़ती गर्मी से किसी तरह के राहत की संभावना व्यक्त नहीं की है। मौसम विभाग द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार आज और कल राज्य के कई जिलों में तापमान बढ़ेगा। वहीं 4 और 5 अप्रैल को राज्य के दक्षिणी-पूर्व भाग में गर्म हवा चलने की संभावना जाहिर की गई है। 5 अप्रैल के बाद मौसम में गरमाहट और बढ़ने के आसार हैं। हालांकि 6 अप्रैल और 7 अप्रैल को राज्य में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।

अप्रैल में पड़ेगी जोरदार गर्मी
रांची समेत पूरे झारखंड के अधि​कतम-न्यूनतम तापमान में इजाफा होने लगा है। अप्रैल के पहले सप्ताह में दिन का पारा दो से तीन डिग्री बढ़ने की संभावना है। दूसरे और तीसरे सप्ताह में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। बीच-बीच में हल्के बादल और बूंदाबांदी से उमस बढ़ सकती है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री पहुंच सकता है। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में तापमान में और अधिक बढ़ोतरी होने की संभावना है। तापमान 42 से 43 डिग्री पहुंचने की संभावना है और इस दौरान लू भी चलेगी। यानी अप्रैल का पूरा महीना गर्म ही रहेगा।

पिछले 24 घंटे कैसा रहा मौसम का मिजाज
राज्य के मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन 2 से 3 दिनों में तापमान में तीन से पांच डिग्री की बढ़त हो सकती है। आसमान अभी साफ रहेगा। राज्य में पिछले 24 घंटे के मौसम का मिजाज देखें तो राज्य में कई जगहों पर गर्जन, आंधी और ओलावृष्टि के साथ बारिश हुई है। राज्य में सबसे अधिक बारिश गढ़वा के नगरउंटारी में हुई है। यहां 19.3 एमएम बारिश दर्ज की गई है। राज्य में पिछले 24 घंटे के मौसम के मिजाज पर नजर डालें तो सबसे अधिक तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस गोड्डा में दर्ज किया गया है। राज्य में सबसे कम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज में दर्ज किया गया है।

बढ़ने लगा है तापमान
राज्य में जिन जगहों पर तापमान में पिछले 24 घंटों में बढ़त दर्ज की गई है उनमें बोकारो थर्मल सबसे आगे हैं जहां 3.7 डिग्री सेल्सियस तापमान में बढ़त दर्ज की गई है। इसके बाद जमशेदपुर के तापमान में बढ़त दर्ज की गई है जहां 2.7 डिग्री सेल्सियस तापमान में बढ़त आई है। राज्य में न्यूनतम तापमान में भी बढ़त आ रही है।