Movie prime

झारखंड के कई जिलों में झमाझम बारिश की संभावना, वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी

झारखंड में इस समय मानसून पूरी तरह सक्रिय है, जिसका असर राज्यभर में दिखाई दे रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती प्रभाव और निम्न दबाव क्षेत्र के कारण रविवार को राजधानी रांची सहित कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि सोमवार, 23 जून को भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। विशेषकर राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। रांची में भी बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है।

उत्तर-पूर्वी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
रांची स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, सोमवार को उत्तर-पूर्वी झारखंड के कई क्षेत्रों में भारी वर्षा की आशंका है। इसके चलते देवघर, धनबाद, पाकुड़, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा और साहिबगंज जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

रांची में रविवार को हुई तेज बारिश के कारण मौसम में ठंडक घुल गई है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भी रांची में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की उम्मीद है।

रांची में सामान्य से तीन गुना अधिक बारिश
अब तक राजधानी रांची में कुल 412.2 मिमी वर्षा हो चुकी है, जो सामान्य से लगभग 257 प्रतिशत अधिक है। हालांकि रविवार को राज्य के अन्य भागों में मानसून की सक्रियता कुछ कम रही। दुमका में सर्वाधिक 37.2 मिमी और पाकुड़ में 36.9 डिग्री सेल्सियस का सबसे ऊंचा अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, रांची के नामकुम में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने चेताया है कि 24 और 25 जून को झारखंड के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों में भी भारी बारिश हो सकती है। इन दोनों दिनों के लिए भी वज्रपात की आशंका के मद्देनजर यलो अलर्ट जारी किया गया है। 26 जून को भी गरज और बिजली चमकने के साथ बारिश हो सकती है।

तापमान में धीरे-धीरे आएगी गिरावट
विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। लेकिन इसके बाद के तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जा सकती है। लगातार बारिश के कारण मौसम सुहावना बना रहेगा, लेकिन लोगों को बिजली गिरने और जलभराव जैसी समस्याओं से बचने के लिए सतर्क रहने की आवश्यकता है।