राज्य के इन जिलों में भारी बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर झारखंड के दक्षिणी हिस्सों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि 29-30 जुलाई को राज्य के दक्षिणी इलाकों में कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गुमला, रांची, बोकारो, सिमडेगा, खूंटी, सरायकेला-खरसांवा, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश का अंदेशा है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी संभावना है।
मॉनसून की सामान्य गतिविधि
झारखंड में मॉनसून की गतिविधि फिलहाल सामान्य है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश हरिहरगंज में दर्ज की गई, जहां लगभग 95 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा, गोला में 61 मिमी और मैथन में 60 मिमी बारिश हुई। राजधानी रांची में भी देर शाम को अच्छी बारिश हुई। शाम 5 बजे के बाद राजधानी के कई इलाकों में तेज बारिश के कारण जलजमाव की स्थिति बन गई।