Movie prime

कयासों पर लगा विराम, हेमंत नहीं लड़ेंगे लोकसभा चुनाव

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन के दुमका लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरने के कयासों पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने विराम लगा दिया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू ने आज साहिबगंज में मीडिया से मुखातिब होते हुए बताया कि, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन किसी भी सीट से लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि, आने वाले दो से तीन दिनों में जेएमएम राज्य के सभी पांच सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर सकती है। 

हेमलाल मुर्मू ने सीता सोरेन के सवालों का जवाब देने के लिए पार्टी की ओर से अधिकृत रूप से साहिबगंज में प्रेस वार्त्ता किया और सीता सोरेन के हर सवाल का जवाब दिया। इसके साथ साथ उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इस बार झारखंड में भाजपा का खाता तक नहीं खुलेगा। हेमलाल मुर्मू ने सीता सोरेन को जवाब देते हुए कहा कि उनको पार्टी में सम्मान नहीं मिला या फिर दुर्गा सोरेन की मौत की जांच का मामला था तो उनको विधानसभा के पटल पर रखना चाहिए था। 

उन्होंने कहा कि वो खुद 15 साल से एमएलए रही हैं, अपने फंड में दुर्गा सोरेन का आदम कद प्रतिमा लगा लेना चाहिए था। लेकिन जब भाजपा की गोद में जा कर बैठ गई तब ये सब याद आता है। भाजपा अपनी पूरी ताकत लगा ले, हेमंत सोरेन की साख और बढ़ेगी। हेमंत का अर्थ सोना होता है, वह जितना तपेगा वह उतना चमकेगा। भाजपा को झारखंड में जोर का झटका लगने वाला है।