Newshaat_Logo

जमुआ में ग्रामीणों ने झपटमारों को रंगेहाथ पकड़ा, भारी मात्रा में मोबाइल और नकदी बरामद

जमुआ में ग्रामीणों ने झपटमारों को रंगेहाथ पकड़ा, भारी मात्रा में मोबाइल और नकदी बरामद

गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र में रविवार 20 जुलाई की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो अपराधी एक राहगीर से मोबाइल और नकदी लूटकर भागने की कोशिश में थे। यह घटना करीब चार बजे जमुआ चौक पर हुई, जब एक व्यक्ति फल खरीद रहा था। उसी दौरान बाइक पर सवार दो युवकों ने उसके हाथ से OPPO A54 स्मार्टफोन और ₹2000 नकद झपट लिए।

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों और स्थानीय पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाई और दोनों आरोपियों को पीछा कर जमुआ प्रखंड मुख्यालय के मुख्य द्वार के पास धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान गंगा कुमार और विष्णु विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो ग्राम सुरही, थाना नावाडीह, जिला बोकारो के निवासी हैं।

पुलिस द्वारा की गई तलाशी में गंगा कुमार की जेब से छीना गया मोबाइल और ₹2000 नकद बरामद किए गए, साथ ही अन्य मामलों से जुड़े ₹7400 अतिरिक्त नकदी भी मिले। पूछताछ के दौरान दोनों ने कई अन्य झपटमारी की घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए गिरिडीह एसपी के आदेश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (खोरीमहुआ) राजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम बनाई गई। आरोपियों की निशानदेही पर ग्राम जगर्नाथडीह स्थित देव पासवान के किराए के मकान में छापा मारकर चोरी किए गए पांच कीमती स्मार्टफोन बरामद किए गए।

बरामद सामानों का विवरण:

  • Realme के दो स्मार्टफोन (Carbon Black व Navy Blue)
  • OPPO का एक स्मार्टफोन (Black)
  • VIVO कंपनी के तीन मोबाइल (Sky Blue, Ivy Green, Purple)
  • कुल ₹9400 नकद राशि
  • अपराध में प्रयुक्त Hero Mavrick 440 मोटरसाइकिल (JH11AU 7824 नंबर प्लेट)

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जल्द ही अन्य साथियों की गिरफ्तारी की संभावना है।