जमशेदपुर : टाटा स्टील प्लांट के हॉट स्ट्रिप मिल में दर्दनाक हादसा, मेंटेनेंस के दौरान ठेका कर्मी की मौत
Apr 15, 2025, 13:38 IST

जमशेदपुर के टाटा स्टील प्लांट से एक बड़ी दुखद खबर सामने आई है। सोमवार रात करीब 8 बजे हॉट स्ट्रिप मिल (एचएसएम) में मेंटेनेंस के दौरान एक ठेका कर्मचारी की जान चली गई। मृतक की पहचान बिजय कुमार पाणिग्रही के रूप में हुई है, जो विवेक कंस्ट्रक्शन कंपनी के तहत कार्यरत थे।
सूत्रों के अनुसार, घटना फर्नेस एरिया में हुई जब प्लांट का एक हिस्सा शटडाउन लेकर मरम्मत कार्य किया जा रहा था। मरम्मत के बाद ट्रायल की प्रक्रिया चल रही थी, उसी दौरान बिजय कुमार को ऊपर चढ़ना था। लेकिन उन्होंने निर्धारित रास्ते की बजाय एक शॉर्टकट अपनाया, जिससे वे फर्नेस डिस्चार्ज डोर एरिया से गुजरते समय ट्रायल पर चल रहे फर्नेस एक्सट्रैक्टर की चपेट में आ गए।
हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल इस दुर्घटना की जांच की जा रही है और टाटा स्टील प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है।

सवाल यह भी उठ रहा है कि सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं हुआ और क्या शॉर्टकट लेने की मजबूरी किसी दबाव का नतीजा थी?