Movie prime

झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 : झारखंड में 7 चुनावी सभाएं करेंगे प्रधानमंत्री, रांची से हो सकती शुरुआत

झारखंड में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है, और सभी पार्टियां अपनी तैयारियों में जुटी हुई हैं। वहीं अब सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि, झारखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 7 चुनावी सभाएं आयोजित की जाएंगी। प्रदेश भाजपा ने केंद्रीय नेतृत्व को इन सभाओं का प्रस्ताव भेजा है। इनमें से 4 सभाएं पहले चरण में और 3 सभाएं दूसरे चरण में होंगी।

रांची से होगी पीएम मोदी की पहली सभा
झारखंड के हर प्रमंडल में प्रधानमंत्री मोदी की एक चुनावी सभा का आयोजन होगा। झारखंड में कुल 5 प्रमंडल हैं, लेकिन भाजपा ने संगठन के आधार पर राज्य को 6 प्रमंडलों में विभाजित किया है, जिसमें पलामू, संथाल परगना, कोल्हान, उत्तरी छोटानागपुर, दक्षिणी छोटानागपुर और कोयलांचल (धनबाद, बोकारो, गिरिडीह) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त एक और सभा का आयोजन प्रस्तावित है। पहली जनसभा रांची में होगी, जिसमें पीएम मोदी के साथ सहयोगी दलों के नेता नीतीश कुमार, चिराग पासवान और सुदेश महतो भी मंच साझा करेंगे।

दो चरणों में होगी झारखंड में मतदान
झारखंड की 81 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण का मतदान 13 नवंबर को और दूसरे चरण का 20 नवंबर को होगा। चुनाव परिणाम 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।