झारखंड बजट 2025-26: राज्य में पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, इको-टूरिजम सर्किट का होगा विकास

झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने आज विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट पेश करते हुए राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई अहम योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों का विस्तार और सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिससे राज्य में पर्यटन उद्योग को मजबूती मिलेगी।
ग्लास ब्रिज और रोप-वे से बढ़ेगा आकर्षण
वित्त मंत्री ने बताया कि आगामी वर्ष में राज्य के कई प्रमुख पर्यटन स्थलों पर ग्लास ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। दशम, हुण्डरू, नेतरहाट और पतरातू में इन ब्रिजों के बनने से पर्यटकों के लिए नया अनुभव उपलब्ध होगा। इसके अलावा, जोन्हा, हुण्डरू, कौलेश्वरी और त्रिकूट में आधुनिक रोप-वे की सुविधा जोड़ी जाएगी, जिससे पर्यटकों को इन स्थलों तक पहुंचने में आसानी होगी।

इको-टूरिज्म को मिलेगा नया आयाम
पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए खूंटी जिले के पेरवाघाघ जलप्रपात और पाण्डुपुडिंग पर्यटन स्थल को इको-टूरिज्म सर्किट के रूप में विकसित किया जाएगा। इस योजना के तहत इन क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होने की संभावना है। वहीं, धार्मिक पर्यटन को सशक्त बनाने के लिए रांची जिले के तपोवन मंदिर का भी पुनर्विकास किया जाएगा।