Movie prime

झारखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से महिला विधायकों ने की मुलाक़ात, ये है वजह

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड विधानसभा स्थित अपने कक्ष में आज महिला विधायकों से मुलाकात की और उन्हें अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विधानसभा में महिलाओं की उपस्थिति नारी शक्ति को मजबूत करने का काम करती है। चाहे सत्तापक्ष हो या विपक्ष, सभी महिला विधायक सदन में महिलाओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और अधिकारों की मुखर आवाज बनी हुई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही देश, राज्य और समाज का संपूर्ण विकास संभव है। सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है और ‘झारखंड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना’ जैसी योजनाओं के जरिए उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

झारखंड की महिलाओं ने बढ़ाया राज्य का गौरव
मुख्यमंत्री ने झारखंड की महिलाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल सहित कई क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का मान बढ़ाया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग देगी ताकि वे अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकें।

इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडेय, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक डॉ. नीरा यादव, विधायक लुइस मरांडी, विधायक सविता महतो, विधायक रागिनी सिंह, विधायक ममता देवी, विधायक पूर्णिमा दास साहू, विधायक श्वेता सिंह और विधायक मंजू कुमारी उपस्थित रहीं।