झारखंड आंदोलनकारी कपूर बागी के निधन पर भावुक हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, अंतिम यात्रा में हुए शामिल

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को सरायकेला-खरसावां जिले के चिलगू-चाकुलिया स्थित आवास पहुंचे, जहां उन्होंने झारखंड आंदोलन के प्रमुख योद्धा और सामाजिक कार्यकर्ता कपूर कुमार टुडू उर्फ कपूर बागी जी को अंतिम श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकसंतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान हो और परिजनों को इस दुःख की घड़ी में सहनशक्ति मिले।
मुख्यमंत्री ने कपूर टुडू के निधन को न केवल व्यक्तिगत हानि बताया, बल्कि झारखंड की सामाजिक और राजनीतिक चेतना के लिए भी एक बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा, “कपूर बागी मेरे भाई जैसे थे। उनके रूप में हमने एक संघर्षशील आंदोलनकारी, एक समर्पित समाजसेवी और एक सच्चे इंसान को खो दिया है। उनका जीवन आम जनता की सेवा और समाज के उत्थान को समर्पित रहा।” मुख्यमंत्री ने अंत्येष्टि कार्यक्रम में भी भाग लिया और पूरे सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी।

बताते चलें कि कपूर कुमार टुडू मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के फुफेरे भाई थे और 6 मई 2025 को उनका निधन हो गया था। वे अपने पीछे वृद्ध मां सुखी टुडू, पत्नी सुकुरमनी टुडू, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। अपनी सादगी, विनम्रता और जनसेवा की भावना के लिए वे लोगों के बीच अत्यंत लोकप्रिय थे। उनका जीवन झारखंड के आंदोलन और समाजसेवा के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।