झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की सोनिया गांधी से मुलाकात
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी, गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, ने शनिवार को कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की। दिल्ली दौरे पर गए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य विपक्षी नेताओं से भी मिलने वाले हैं।
सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया कि इस बैठक का विधानसभा चुनाव से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि जेल से रिहाई के बाद यह पहली मुलाकात थी। उन्होंने कहा कि चुनाव पर अभी कोई चर्चा नहीं हुई है। मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि देश की जनता बहुत संवेदनशील होती है और उनमें सहनशीलता की भी क्षमता होती है। जब जनता अपनी शक्ति दिखाती है, तो परिणाम सामने आते हैं। अरविंद केजरीवाल के मामले में सोरेन ने कहा कि सबको पता है कि क्या हुआ है और किस तरह न्यायपालिका का मजाक उड़ाया गया है ताकि उन्हें जमानत न मिल सके।
केंद्र सरकार द्वारा 25 जून को 'संविधान हत्या दिवस' घोषित करने पर हेमंत सोरेन ने कहा, "जनता वह नहीं है जो उन्हें (भाजपा) लगता है। इस लोकतंत्र और इस देश की खूबसूरती यह है कि लोग काफी संवेदनशील होते हैं और सहनशीलता भी रखते हैं। लेकिन जब जनता अपनी ताकत दिखाती है, तो परिणाम समय-समय पर नजर आते हैं।"