Movie prime

महिला दिवस पर झारखंड सरकार का तोहफा, आज से 38 लाख महिलाओं को मिलेंगे 7,500 रुपये

झारखंड सरकार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राज्य की 38 लाख महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने की तैयारी में है। "मंईयां सम्मान योजना" के तहत शनिवार से लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में 7,500 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि होली से पहले यह सहायता राशि सभी पात्र महिलाओं तक पहुंचे।

शुक्रवार को विधानसभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने कहा, "महिला दिवस के मौके पर हम राज्य की महिलाओं को खुशी देने का प्रयास कर रहे हैं। रमजान का पवित्र महीना चल रहा है और होली भी नजदीक है, ऐसे में यह आर्थिक सहयोग महिलाओं के लिए उपयोगी साबित होगा।"

दरअसल, झामुमो विधायक मंगल कालिंदी ने सदन में सरकार से पूछा था कि "मंईयां योजना" की राशि लाभुकों के खातों में कब पहुंचेगी? इस पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कुछ तकनीकी अड़चनें थीं, जिन्हें अब दूर कर लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शनिवार से राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी और होली से पहले सभी महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा।

इस योजना के तहत लाभार्थियों के बैंक खातों में पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम (PFMS) के माध्यम से सीधे पैसा भेजा जाएगा, जिससे पारदर्शिता बनी रहे। झारखंड सरकार के इस कदम से लाखों महिलाओं को वित्तीय राहत मिलेगी और त्योहार की खुशियां दोगुनी होंगी।

News Hub