Movie prime

झारखंड में स्वास्थ्य सेवा को मिली नई दिशा, मंत्री इरफान अंसारी ने 166 कर्मियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आज विभाग के नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। यह बहाली अनुबंध के आधार पर की गई है, जिसमें कुल 166 कर्मियों को विभिन्न पदों पर नियुक्त किया गया। इनमें विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी, ओटी टेक्नीशियन और दंत चिकित्सक शामिल हैं।

मंत्री इरफान अंसारी ने इस अवसर पर कहा कि झारखंड में स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए सरकार जल्द कदम उठाएगी और करीब 10,000 नई नियुक्तियां की जाएंगी। रिटायर्ड डॉक्टरों की सेवाएं भी ली जाएंगी, और मेडिकल कॉलेज से पढ़ाई पूरी करने के बाद तीन साल सेवा देने का अनिवार्य नियम बनाया जाएगा।

स्वास्थ्य सेवाओं में बड़े सुधार की योजना :

-रिम्स का लोड कम करने के लिए नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे।
-हर पंचायत में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की योजना।
-AI टेक्नोलॉजी और रोबोटिक सर्जरी का इस्तेमाल जल्द शुरू होगा।
-108 एंबुलेंस की संख्या बढ़ाई जाएगी, साथ ही बाइक और हेलिकॉप्टर एंबुलेंस की भी व्यवस्था होगी।
-प्राइवेट अस्पतालों पर सख्ती: मरीज की मृत्यु के बाद अनावश्यक बिल वसूलने पर होगी कार्रवाई।

स्वास्थ्य मंत्री ने सभी नवनियुक्त कर्मियों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि वे झारखंड की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने में अहम भूमिका निभाएंगे।