चाईबासा : आईईडी विस्फोट में झारखंड जगुआर का जवान घायल, एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया

झारखंड के चाईबासा जिले में नक्सलियों द्वारा बिछाए गए आईईडी में विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आकर झारखंड जगुआर के एक जवान को गंभीर चोटें आईं। घायल जवान को तत्काल प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रांची भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है। यह घटना छोटानागरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, झारखंड जगुआर और कोबरा बटालियन की टीम कुख्यात इनामी माओवादी अनल के दस्ते की तलाश में जंगलों में सर्च अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक जवान का पांव आईईडी पर पड़ गया, जिससे जोरदार धमाका हो गया और वह घायल हो गया।
घटना के बाद घायल जवान को मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया और उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी गई। निर्देशानुसार, जवान को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए एयरलिफ्ट कर रांची ले जाने की व्यवस्था की जा रही है।

कोल्हान रेंज के डीआईजी मनोज रतन चौथे ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विस्फोट के बाद सर्च ऑपरेशन में लगे बलों ने अभियान और भी तेज कर दिया है, ताकि नक्सलियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।