Movie prime

झारखंड में आश्रम के अंदर दोहरे हत्याकांड से सनसनी, विधायक नवीन जायसवाल ने सदन में उठाया मुद्दा

झारखंड में अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है और अब आश्रमों में भी हत्याएं होने लगी हैं। रांची के चान्हों थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक आश्रम में घुसकर एक साधु समेत दो लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना को लूटपाट के इरादे से अंजाम नहीं दिया गया, बल्कि इसके पीछे कोई और साजिश मानी जा रही है। इस मामले को हटिया के विधायक नवीन जायसवाल ने सदन में उठाते हुए कहा, "झारखंड में साधु-संत भी सुरक्षित नहीं हैं। आश्रम में घुसकर हत्या कर दी जाती है और यह कोई साधारण लूटपाट की घटना नहीं है।" उन्होंने संसदीय कार्य मंत्री से इस पर जवाब मांगा।

"अपराधियों पर होगी कठोर कार्रवाई" : राधा कृष्ण किशोर
विधायक के सवाल पर जवाब देते हुए संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने सदन को जानकारी दी कि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अभी भी फरार हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि "जो भी इस अपराध में शामिल होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"

चान्हों में आश्रम के भीतर हुई थी नृशंस हत्या
गौरतलब है कि चान्हों थाना क्षेत्र के एक आश्रम में अपराधियों ने घुसकर हमला किया था, जिसमें एक साधु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति इलाज के दौरान दम तोड़ गया। इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और प्रशासन पर अपराध नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।