चाईबासा में झारखंड पुलिस का बड़ा एक्शन, जोनल कमांडर संजय गंझू और एरिया कमांडर हेमंती ढेर

झारखंड पुलिस ने माओवादियों के खिलाफ अपने अभियान को तेज करते हुए चाईबासा में बड़ा झटका दिया है। बुधवार को सुरक्षाबलों ने कुख्यात माओवादी संजय गंझू और उसकी करीबी महिला साथी हेमंती को मार गिराया। संजय माओवादी संगठन में जोनल कमांडर था, जबकि हेमंती अनल दा की प्रमुख महिला सहयोगी और एरिया कमांडर के रूप में सक्रिय थी। इस कार्रवाई से संगठन को भारी क्षति पहुंची है।
बोकारो की रहने वाली थी हेमंती
हेमंती बोकारो जिले के गोरगोरवा गांव की निवासी थी और लंबे समय से अनल दा के साथ जुड़ी हुई थी। वह हमेशा अनल दा की सुरक्षा में तैनात रहती थी और जंगलों में हथियारों के साथ मूवमेंट करती थी। बुधवार को चाईबासा में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में वह ढेर हो गई। पुलिस के अनुसार, हेमंती संगठन में एक महत्वपूर्ण स्थान रखती थी और माओवादी रणनीति में उसकी अहम भूमिका थी।

बताते चलें कि महज 10 दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है जिसमें महिला नक्सली मारी गई है। इससे पहले 22 जनवरी 2025 को बोकारो में माओवादी नेता शांति को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया था। झारखंड पुलिस के इस सख्त रुख से नक्सली संगठन में हड़कंप मच गया है।
आईजी का कड़ा संदेश – आत्मसमर्पण करें या अंजाम भुगतें
झारखंड पुलिस के आईजी अभियान अमोल होमकर ने कहा कि संजय गंझू और हेमंती की मौत माओवादियों के लिए एक बड़ा झटका है। उन्होंने नक्सली कैडरों से आत्मसमर्पण करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि यदि वे मुख्यधारा में नहीं लौटे तो उनका भी यही अंजाम होगा। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि जो माओवादी हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटेंगे, उनका स्वागत किया जाएगा, लेकिन जो हिंसा की राह पर बने रहेंगे, उन्हें कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।