Movie prime

हंगामे के बीच झारखंड आरजेडी को मिला नया प्रदेश अध्यक्ष, दो दावेदारों का नामांकन रद्द

झारखंड में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर मचा घमासान आखिरकार संजय सिंह यादव के निर्विरोध निर्वाचन के साथ थम गया। पार्टी के संगठनात्मक चुनाव 2025-2028 के तहत रविवार को रांची स्थित आरजेडी कार्यालय में नामांकन पत्रों की जांच की गई।

इस दौरान हुसैनाबाद से विधायक संजय सिंह यादव के अलावा दो अन्य दावेदार—पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय महासचिव अभय कुमार सिंह तथा प्रदेश उपाध्यक्ष सदाकत हुसैन—ने भी नामांकन दाखिल किया था। लेकिन स्क्रूटनी के दौरान दोनों के पर्चे खारिज कर दिए गए, जिससे संजय सिंह यादव के लिए रास्ता पूरी तरह साफ हो गया।

राज्य निर्वाचन पदाधिकारी गिरधारी गोप के अनुसार, अभय सिंह और सदाकत हुसैन के नामांकन पत्रों में प्रस्तावक के तौर पर राज्य परिषद के सदस्य के हस्ताक्षर नहीं थे। इस आधार पर दोनों को अमान्य कर दिया गया। वहीं, केवल संजय सिंह यादव का नामांकन सभी शर्तों को पूरा करता पाया गया और उन्हें निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर दिया गया।

हालांकि, नामांकन रद्द किए जाने को लेकर भारी बवाल हुआ। पार्टी कार्यालय के बाहर आते हुए अभय सिंह ने कहा कि प्रस्तावक के रूप में राज्य परिषद सदस्य होना आवश्यक नहीं है और यह निर्णय मनमाने ढंग से लिया गया है। उनके समर्थकों ने भी इसका जोरदार विरोध किया और विवाद बढ़ने पर मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी।

दूसरे उम्मीदवार सदाकत हुसैन ने भी नामांकन रद्द होने को अनुचित बताया और इस मामले को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक ले जाने की बात कही।

गौरतलब है कि 14 जून को तीन उम्मीदवारों ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किए थे, लेकिन स्क्रूटनी के बाद सिर्फ एक उम्मीदवार का नामांकन वैध माना गया। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी की ओर से संजय सिंह यादव को निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने का पत्र जारी कर दिया गया।
 

News Hub