झारखंड को मिलेगा नया सचिवालय, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल से तेज़ हुई योजना

झारखंड सरकार नए सचिवालय भवन के निर्माण की दिशा में तेज़ी से कदम बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर यह महत्वाकांक्षी परियोजना अब रफ्तार पकड़ चुकी है। धुर्वा स्थित कुटे इलाके में नए विधानसभा भवन के पास 35 एकड़ भूमि पर भव्य सचिवालय का निर्माण किया जाएगा।
22 साल से अधूरी थी नई सचिवालय की योजना
झारखंड के अलग राज्य बनने के 22 साल बाद भी राज्य को एक समर्पित सचिवालय नहीं मिल पाया था। वर्ष 2000 में एचईसी की भूमि पर किराए के भवन में सचिवालय स्थापित किया गया था। लेकिन जगह की कमी के कारण सचिवालय के विभिन्न विभाग अलग-अलग इमारतों में संचालित होते रहे हैं। अब इस समस्या को दूर करने के लिए सरकार स्थायी सचिवालय बनाने जा रही है।

निर्माण की जिम्मेदारी जुडको से लेकर भवन निर्माण विभाग को सौंपी गई
वर्ष 2022 में अधिकृत समिति ने इस परियोजना को मंजूरी दी थी। पहले सचिवालय निर्माण की जिम्मेदारी झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी (जुडको) को दी गई थी, लेकिन अब इसे भवन निर्माण विभाग को सौंपा गया है। विभाग इस परियोजना की डिजाइन तैयार करने में जुटा हुआ है।
बताते चलें कि पहले सचिवालय का निर्माण रांची स्मार्ट सिटी स्थित कन्वेंशन सेंटर के नौ एकड़ भूमि पर प्रस्तावित था। दिल्ली की कंपनी मेसर्स सीपी कुकरेजा आर्किटेक्ट द्वारा तैयार डिजाइन में इसका बजट 900 करोड़ रुपये आंका गया था। लेकिन बाद में इस स्थान को छोटा और अनुपयुक्त मानते हुए सरकार ने इसे कुटे, धुर्वा में बनाने का फैसला लिया।