Movie prime

झारखंड में जल्द मिलेगी गर्मी से राहत, कल से बारिश के आसार

झारखंड में प्रचंड गर्मी के प्रकोप से राहत मिलने वाली है। आने वाले कुछ दिनों राज्य के मौसम में बदलाव की संभावना है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार  6 से 10 मई तक झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने इसे लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया है। 

वहीं आज झारखंड में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। साथ ही सात मई को छह जिलों रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, दुमका और देवघर में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 

दरअसल, साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण एक टर्फ मेघालय से मराठवाड़ा तक बन रहा है। इसका असर बंगाल, झारखंड और ओडिशा पर भी पड़ेगा। इस कारण झारखंड के कई हिस्सों में बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। छह और सात मई को राज्य के उत्तर-पूर्व (संथाल-कोयलांचल) और दक्षिणी छोटानागपुर इलाके में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।

बारिश होने से गिरेगा तापमान
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। 10 मई तक राज्य के राजधानी सहित राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश होने की पूरी उम्मीद है। इससे तापमान गिर सकता है। राजधानी का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेसि के आसपास तक जा सकता है। न्यूनतम तापमान भी 22 डिग्री सेसि तक जा सकता है।

News Hub