झारखंड की दिग्गज हॉकी कोच प्रतिमा बरवा का निधन, खेल जगत शोकाकुल
May 31, 2025, 11:41 IST

झारखंड की प्रसिद्ध हॉकी कोच प्रतिमा बरवा का आज दुखद निधन हो गया। बीते दिन उन्हें अचानक पैरालिसिस का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में रांची के पारस हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों द्वारा की गई तमाम कोशिशें विफल रहीं और वे जिंदगी की जंग हार गईं। उनके निधन से राज्य के खेल समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रतिमा बरवा खूंटी जिले के आवासीय हॉकी प्रशिक्षण केंद्र की मुख्य कोच के रूप में वर्षों तक सेवाएं देती रहीं। उन्होंने झारखंड महिला हॉकी को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने में केंद्रीय भूमिका निभाई। इसके अलावा वे सिमडेगा में भी कोच रह चुकी थीं, जहां उनके मार्गदर्शन में अनेक खिलाड़ियों ने खेल जगत में अपना परचम लहराया।
प्रतिमा बरवा की छत्रछाया में पनपे सितारे
उनके प्रशिक्षण से निकले कई खिलाड़ियों ने देश ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी झारखंड का नाम रौशन किया। अर्जुन पुरस्कार विजेता सलीमा टेटे, संगीता कुमारी, ब्यूटी डुंगडुंग, दीपिका सोरेंग, रजनी केरकेट्टा और सुषमा कुमारी जैसी खिलाड़ी उनके सानिध्य में तैयार हुईं और विश्व मंच पर भारतीय हॉकी का गौरव बढ़ाया।

खेल जगत ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
जैसे ही उनके निधन की खबर सामने आई, पूरे राज्य के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में शोक की भावना उमड़ पड़ी। रांची से लेकर सुदूर गांवों तक लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने उमड़ पड़े। उन्हें एक 'मां जैसी कोच' के रूप में याद करते हुए खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने भावुक श्रद्धांजलि दी। खेल विभाग और झारखंड हॉकी संघ ने भी उन्हें झारखंड महिला हॉकी की नींव और प्रेरणा स्रोत बताते हुए गहरा दुख प्रकट किया है।