दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार हुआ झारखंड का मोस्ट वांटेड अपराधी, बहरीन से लौटते वक्त पुलिस ने दबोचा

झारखंड के कुख्यात अपराधी निसार हसन उर्फ निशु को दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया है। झारखंड पुलिस मुख्यालय ने इस बड़ी कार्रवाई की पुष्टि की है। निसार पर जमशेदपुर में हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और उस पर लुकआउट नोटिस जारी किया गया था।
मिली जानकारी के अनुसार, निसार लंबे समय से बहरीन में छिपा हुआ था और बुधवार की सुबह भारत लौटते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन जांच के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जमशेदपुर पुलिस की पहल पर उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था, जो अंततः उसकी गिरफ्तारी में मददगार साबित हुआ।

अमरनाथ गिरोह से जुड़ा रहा है निसार
निसार का नाम जमशेदपुर के कुख्यात अमरनाथ गिरोह से जुड़ा रहा है। वह शहर में कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। उस पर करणी सेवा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सिंह की हत्या सहित कई मामलों में संलिप्तता के आरोप हैं। अमरनाथ सिंह की 2023 में हत्या के बाद गिरोह में हलचल तेज हुई थी और निसार फरार हो गया था।
गिरफ्तारी के बाद जताई फर्जी एनकाउंटर की आशंका
दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार होने के कुछ समय बाद निसार ने एक वीडियो बयान जारी कर दावा किया है कि उसे डर है कि जमशेदपुर पुलिस उसका फर्जी एनकाउंटर कर सकती है। उसने सुरक्षा की मांग करते हुए वीडियो में अपील की है।
जमशेदपुर पुलिस रवाना
दिल्ली पुलिस ने जमशेदपुर पुलिस को गिरफ्तारी की जानकारी दे दी है। जमशेदपुर पुलिस की विशेष टीम निसार को अपने कब्जे में लेने के लिए दिल्ली रवाना हो चुकी है। जल्द ही उसे ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाया जाएगा।