Movie prime

स्वच्छता में झारखंड की चमक : जमशेदपुर को मिला देश में तीसरा स्थान, बुंडू को मिला प्रॉमिसिंग शहर का खिताब

स्वच्छता में झारखंड की चमक : जमशेदपुर को मिला देश में तीसरा स्थान, बुंडू को मिला प्रॉमिसिंग शहर का खिताब

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सशक्त नेतृत्व में झारखंड राज्य ने शहरी विकास और स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार उल्लेखनीय प्रगति की है। हाल ही में नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 के परिणामों की घोषणा की गई। इस मौके पर स्वच्छता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले शहरों को सम्मानित भी किया गया। 3 से 10 लाख की जनसंख्या वाले शहरों की श्रेणी में जमशेदपुर ने तीसरा स्थान प्राप्त कर राज्य का नाम रोशन किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस सम्मान से जमशेदपुर को अलंकृत किया।

वहीं, झारखंड के बुंडू को "प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर" की श्रेणी में चुना गया, जिसका सम्मान केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने प्रदान किया।

झारखंड के अन्य शहरों का भी शानदार प्रदर्शन

  • जमशेदपुर को फाइव स्टार रेटिंग के साथ "स्वच्छ शहरों" की सूची में शामिल किया गया है।
  • देवघर, जुगसलाई और चाकुलिया को वन स्टार रैंकिंग प्राप्त हुई।
  • वाटर प्लस शहरों की सूची में जमशेदपुर को जगह मिली।
  • बुंडू, चिरकुंडा, राजमहल, साहिबगंज और देवघर को ODF++ श्रेणी में शामिल किया गया।

राज्य ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2017 से लेकर 2023 तक हर वर्ष जनता के सहयोग, शहरी निकायों की मेहनत और राज्य सरकार के मार्गदर्शन से स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

सर्वेक्षण से पहले किए गए अहम प्रयास
सर्वेक्षण से पूर्व सभी शहरी निकायों में जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएं और अभियानों का आयोजन किया गया।

  • समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की गई।
  • घर-घर जाकर कचरा संग्रहण (डोर टू डोर कलेक्शन) किया गया।
  • कचरे को अलग-अलग छांटना और उसका प्रोसेसिंग प्राथमिकता में रहा।
  • पीट कंपोस्टिंग और ऑनसाइट कंपोस्टिंग को बढ़ावा दिया गया।
  • पुनर्चक्रण (रीसायक्लिंग) से जुड़े लोगों को नगर निकायों से जोड़ा गया।
  • प्लास्टिक कैरी बैग पर प्रतिबंध और सिंगल यूज प्लास्टिक में कमी लाई गई।
  • स्वच्छता ऐप के जरिए सफाई से जुड़ी शिकायतों का समाधान तेज़ी से किया गया।

अधिकारियों की प्रतिक्रिया
नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दूरदर्शिता, विभागीय मंत्री सुदिब्य कुमार के नेतृत्व और नागरिकों के सहयोग को दिया। उन्होंने सभी निकायों से आग्रह किया कि स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखें।

स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के निदेशक सूरज कुमार ने जमशेदपुर और बुंडू की इस सफलता को गौरव का क्षण बताया। उन्होंने नगर निकायों के सभी अधिकारियों, सफाईकर्मियों और आम जनता को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा कि उनका योगदान सराहनीय है।