झारखंड में बड़ा प्रशासनिक उलटफेर, कई जिलों के उपायुक्त बदले गए
May 26, 2025, 20:09 IST

झारखंड सरकार ने राज्य में व्यापक स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई जिलों के उपायुक्तों का तबादला कर दिया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार कुल दो दर्जन से अधिक आईएएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
बोकारो, रामगढ़, धनबाद और गिरिडीह को मिले नए उपायुक्त
आदिवासी कल्याण आयुक्त अजय नाथ झा को बोकारो का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, बागवानी निदेशक फैज अक अहमद मुमताज को रामगढ़, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के निदेशक आदित्य रंजन को धनबाद और उच्च शिक्षा निदेशक रामनिवास यादव को गिरिडीह का डीसी बनाया गया है।
महिला अधिकारियों को भी मिली अहम जिम्मेदारी
कंचन सिंह को सिमडेगा का जिला उपायुक्त नियुक्त किया गया है, जबकि आर रॉनीटा को खूंटी की कमान सौंपी गई है। गिरिडीह के डीसी रहे नमन प्रियेश लकड़ा को अब देवघर का उपायुक्त बनाया गया है।
पूर्वी सिंहभूम और गोड्डा को भी मिले नए डीसी

पर्यटन निदेशक अंजली यादव को गोड्डा की जिम्मेदारी मिली है। गुमला के डीसी कर्ण सत्यार्थी को पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) भेजा गया है। रामगढ़ के उपायुक्त चंदन कुमार अब पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) की कमान संभालेंगे।
अन्य जिलों में भी हुए प्रशासनिक बदलाव
सरायकेला-खरसावां के डीसी बनाए गए हैं नितिश कुमार सिंह, जो पहले अंकेक्षण निदेशालय में कार्यरत थे। गुमला की नई उपायुक्त बनी हैं प्रेरणा दीक्षित। हजारीबाग की जिम्मेदारी शशि प्रकाश सिंह को दी गई है, जो अब तक प्राथमिक शिक्षा निदेशक थे। कुमार ताराचंद को लोहरदगा भेजा गया है।
दुमका, चतरा, कोडरमा और पलामू में भी नए चेहरे
अभिजीत सिन्हा को दुमका में ही उपायुक्त पद पर पदस्थापित किया गया है। झारक्राफ्ट की एमडी कीर्ति श्री जी अब चतरा की डीसी होंगी। कोडरमा में ऋतुराज को वहीं के उपायुक्त का कार्यभार सौंपा गया है। वहीं, समीर एस को पलामू का डीसी बनाया गया है।
जामताड़ा और गढ़वा को भी नया नेतृत्व
राजभाषा विभाग के संयुक्त सचिव रवि आनंद को जामताड़ा और रांची के उप विकास आयुक्त दिनेश कुमार यादव को गढ़वा का डीसी नियुक्त किया गया है।
सरकार के इस बड़े कदम से साफ है कि आने वाले महीनों में प्रशासनिक कार्यशैली में तेजी और पारदर्शिता लाने की कोशिश की जा रही है।