मंत्री बन्ना गुप्ता और दीपिका पांडेय सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से की मुलाक़ात
झारखंड सरकार के स्वास्थ्य एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री बन्ना गुप्ता और कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। इस मुलाकात में झारखंड की वर्तमान राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान, मंत्री बन्ना गुप्ता ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए चार साल के कार्यों और खाद्य आपूर्ति विभाग में अपने कार्यकाल के दौरान की गई संक्षिप्त कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे को विभाग की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
इस संदर्भ में दीपिका पांडेय सिंह ने बताया कि नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से शिष्टाचार भेंट हुई। इस भेंट के दौरान प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और अन्य मंत्री भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि इस मुलाकात को आगामी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। कांग्रेस पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख नेताओं ने चुनावी रणनीति और संभावित उम्मीदवारों पर विचार-विमर्श किया। मिली खबरों के मुताबिक, कांग्रेस राज्य में मजबूत चुनावी अभियान की योजना बना रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्य के नेताओं को आगामी चुनावों के लिए समर्थन और मार्गदर्शन का आश्वासन दिया। उन्होंने पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने की दिशा में मिलकर काम करने का आह्वान किया। इस मुलाकात के बाद, कांग्रेस पार्टी के नेता आत्मविश्वास से भरपूर दिख रहे हैं और झारखंड में आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।