मिस यूनिवर्स झारखंड 2024: धनबाद की शताक्षी किरण बनीं विजेता, दिल्ली में करेंगी राज्य का प्रतिनिधित्व

पतरातू के लेक रिसोर्ट में पहली बार आयोजित मिस यूनिवर्स झारखंड 2024 प्रतियोगिता ने अपनी चमचमाती लाइट और तेज म्यूजिक के बीच खास माहौल बनाया। इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न हिस्सों से आई 18 लड़कियों ने भाग लिया, जिन्होंने अपनी खूबसूरती और प्रतिभा से सभी को प्रभावित किया। प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों ने 10 विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया और 'ब्यूटी विद ब्रेन' के तहत जजों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब देकर अपनी समझदारी साबित की। इस खास मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में सुदेश महतो की पत्नी नेहा महतो उपस्थित रहीं।
प्रतियोगिता में कैट वॉक, स्माइल, आत्मविश्वास और हाजिरजवाबी के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया। दिल्ली से आए जज निखिल आनंद के साथ, मिस ग्लोब इंटरनेशनल 2022 की विजेता तान्या सिन्हा और क्वीन ऑफ इंटरनेशनल टूरिज्म 2023 की विजेता एंजेल मेरिना तिर्की ने प्रतियोगिता को जज किया। उन्होंने प्रतिभागियों के कैट वॉक, स्माइल, बॉडी स्ट्रक्चर, आत्मविश्वास, हाजिरजवाबी और मित्रता जैसे गुणों का परीक्षण किया।

सभी राउंड के बाद जमशेदपुर की शताक्षी किरण को मिस यूनिवर्स झारखंड का खिताब मिला, जबकि रिया तिर्की रनरअप रहीं। इससे पहले भी रिया तिर्की ने मिस इंडिया झारखंड का खिताब जीता था।
सब-कॉन्टेस्ट विजेता
- बेस्ट फिटनेस: शर्मिष्ठा धर
- बेस्ट रैंपवॉक: रिया तिर्की
- बेस्ट फोटोजेनिक फेस: हिया महाबी
- बेस्ट फीचर: सृष्टि सुहानी
- बेस्ट स्माइल: दीपा रानी
शताक्षी किरण अब सितंबर के अंत में दिल्ली में होने वाली मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। अगर वह इंडिया राउंड में चुनी जाती हैं, तो उन्हें मैक्सिको में होने वाली मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। खिताब जीतने के बाद शताक्षी ने बताया कि बचपन से ही उनका सपना था कि वे ब्यूटी पेजेंट में विजेता बनें। उन्होंने 2019 से देशभर में विभिन्न ब्यूटी पेजेंट्स में हिस्सा लेना शुरू किया था।